बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद ने झारखंड में जेपीएससी, जेएसएसी की परीक्षाओं में गड़बड़ियों के खिलाफ छात्रों के विरोध प्रदर्शन पर मल्लिकार्जुन खरगे के बयान पर प्रतिक्रिया दी है. साथ ही उन्होंने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर भी निशाना साधा.
रविशंकर प्रसाद ने झारखंड प्रदर्शन पर कहा, “वहां से जो कहानियां निकल कर आ रही हैं, उनसे साफ है कि झारखंड सरकार ने परीक्षा कराने का पूरा काम एक ब्लैकलिस्टेड कंपनी को सौंप दिया है. इस कंपनी को उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार और राजस्थान में भी ब्लैकलिस्ट किया जा चुका है. इसके बावजूद उसे कई परीक्षाएं कराने की ज़िम्मेदारी दी गई. इसका क्या मतलब है?”
“मैं फिर कहता हूं, अगर वहां नौकरियां बेची जा रही हैं तो राहुल गांधी चुप क्यों हैं? वह युवाओं से संवाद करने के लिए इलाहाबाद और दूसरी जगहों पर जा रहे हैं, लेकिन जिस सरकार को उनकी पार्टी का समर्थन हासिल है, उसके ख़िलाफ़ कुछ क्यों नहीं बोल रहे?”
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का चेहरा दो तरह का है, यहां कुछ और वहां ख़ामोशी, ये देश देख रहा है.
गुरुवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर झारखंड प्रदर्शन पर बायान दिया था. उन्होंने कहा कि, “चाहे झारखंड हो, पंजाब हो, दिल्ली हो, कहीं भी हो, हम सब, राहुल गांधी जी और पूरी कांग्रेस पार्टी विद्यार्थियों के साथ खड़े हैं.”
उन्होंने कहा कि हम पूछेंगे, “अगर हमसे भी कोई ग़लती हो गई, तो क्यों हुई. हम सभी को पत्र भी लिख रहे हैं कि क्या हुआ. इसलिए चाहे हमारा गठबंधन सहयोगी हो या विपक्ष, हम विद्यार्थियों के साथ हैं और उनकी समस्याओं को हल करने के लिए लड़ते रहेंगे.”
