कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है. कांग्रेस नेताओं ने इसे सोनिया गांधी के जीवन, संघर्ष, त्याग और अनुभवों की कहानी बताते हुए इसकी सराहना की है. वहीं, भाजपा नेताओं ने पुस्तक पर सवाल उठाए और इसे कांग्रेस के पुराने कार्यों पर पर्दा डालने की कोशिश करार दिया है. भाजपा की और से पुस्तक के नाम को लेकर की गई टिप्पणी पर भी कांग्रेस नेताओं ने पलटवार किया है.
दिल्ली में कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने सोनिया गांधी की आत्मकथा को उनकी अपनी कहानी बताया. उन्होंने कहा कि यह किताब सोनिया गांधी के जीवन और अनुभवों का दस्तावेज है. श्रीनेत ने पुस्तक के कवर पर लगी तस्वीर का जिक्र करते हुए बताया कि यह तस्वीर वर्ष 1966 में राजीव गांधी ने खींची थी, जब वह सोनिया गांधी के पिता से उनका हाथ मांगने गए थे. वहीं, पुस्तक के आखिरी पन्ने पर लगी तस्वीर 60 साल बाद वर्ष 2026 में रेहान ने खींची है. इन दोनों तस्वीरों के बीच के 500 पन्नों में राजीव गांधी और सोनिया की कहानी, उनके जीवन के अनुभव और सोनिया गांधी की सच्चाई दर्ज है.
भाजपा की ओर से पुस्तक के नाम पर सवाल उठाए जाने पर उन्होंने कहा कि भाजपा कौन होती है, यह तय करने वाली कि पुस्तक का नाम क्या होना चाहिए. इस तरह की टिप्पणियां भाजपा की संकीर्णता दिखाती हैं. जितनी अधिक ऐसी टिप्पणियां होंगी, पुस्तक को लेकर लोगों की जिज्ञासा उतनी ही बढ़ेगी और इससे पुस्तक और उसमें लिखी बातों को अधिक लोगों तक पहुंचने में मदद मिलेगी.
मुंबई में कांग्रेस प्रवक्ता चरण सिंह सपरा ने भाजपा नेताओं की ओर से सोनिया गांधी की पुस्तक को ‘व्हाइटवॉशिंग’ बताए जाने पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि छलनी को सूप पर टिप्पणी नहीं करनी चाहिए. सपरा ने भाजपा नेताओं को पहले अपना आत्ममंथन करने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी की पुस्तक पर पर्दा डालने का आरोप लगाने से पहले भाजपा नेताओं को यह बताना चाहिए कि पिछले 12 वर्षों में उन्होंने कौन-कौन से ऐसे काम किए हैं, जिन पर सवाल उठाए जा सकते हैं. सपरा ने भाजपा की आलोबना को उसी के कार्यकाल की ओर ध्यान दिलाने का माध्यम बनाया.
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह ने सोनिया गांधी की पुस्तक पर कांग्रेस के खिलाफ आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि यह किताब कांग्रेस की ओर से किए गए पापों पर पर्दा डालने की पूरी कोशिश है. आपातकाल के मुद्दे पर सोनिया गांधी की ओर से पूरा दोष संजय गांधी पर डालने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि पुस्तक में जिन अन्य घटनाओं का जिक्र किया गया है, उनमें भी सोनिया गांधी खुद को जिम्मेदारी से अलग दिखाने की कोशिश कर रही हैं और ऐसे लोगों पर दोष डाल रही हैं, जो अब जीवित नहीं हैं.
यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने भाजपा की उस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया दी, जिसमें कहा गया था कि सोनिया गांधी की पुस्तक का नाम ‘व्हाइटवॉशिंग’ होना चाहिए था. गौतम ने कहा कि भाजपा वास्तव में इस पुस्तक को लेकर परेशान है. सोनिया गांधी ने अपनी पुस्तक के माध्यम से संघर्ष और त्याग का लंबा इतिहास सामने रखा है. उन्होंने बताया है कि किस तरह कठिन परिस्थितियों में देश का नेतृत्व किया और मुश्किलों का सामना करते हुए उनसे बाहर निकलने का रास्ता अपनाया. गौतम ने पुस्तक को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि दुनिया भर में इसे पढ़ने को लेकर लोगों की दिलचस्पी बढ़ रही है.
राजस्थान के अलवर में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि यह सोनिया गांधी की आत्मकथा है और उन्होंने इसे अपने हितों को ध्यान में रखकर लिखा होगा. पुस्तक में कुछ बातें सही हो सकती हैं और कुछ गढ़ी हुई भी हो सकती हैं. अखबारों में प्रकाशित जानकारी के आधार पर उन्हें पता चला कि सोनिया गांधी ने आपातकाल की पूरी जिम्मेदारी संजय गांधी पर डाल दी है.
वाराणसी में कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने पुस्तक की सराहना की. उन्होंने कहा कि कांग्रेस की संस्कृति में चीजें सरल और सामान्य तरीके से आगे बढ़ती हैं. सोनिया गांधी ने अपने जीवन में जो संघर्ष किया, उसे उन्होंने आत्मसात किया और उसी अनुभव के आधार पर अपनी आत्मकथा लिखी है. पुस्तक में उन्होंने हर बात का उल्लेख किया है. अजय राय ने बताया कि वह काशी के महत्वपूर्ण अस्सी घाट पहुंचे, जहां एक किताब की दुकान पर उन्हें यह पुस्तक मिली.
पटना में जन सुराज के संस्थापक और विधायक प्रशांत किशोर ने कहा कि उन्होंने अभी तक पुस्तक नहीं पढ़ी है, इसलिए इस पर कोई टिप्पणी या आलोचना करना उचित नहीं होगा. उन्होंने कहा कि पुस्तक प्रकाशित हो चुकी है और मीडिया कवरेज के आधार पर यह चर्चा का बड़ा विषय बनी हुई है.
आंध्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष वाईएस शर्मिला ने सोनिया गांधी को पुस्तक के लिए बधाई दी. उन्होंने कहा कि इस पुस्तक को लिखने में कई साल लगे हैं और उन्हें विश्वास है कि इसका हर शब्द सोच-समझकर लिखा गया होगा. भाजपा की टिप्पणियों पर उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतिक्रियाओं की उम्मीद थी और कांग्रेस उन्हें गंभीरता से नहीं लेती.
मुंबई में कांग्रेस नेता हुसैन दलवई ने कहा कि शादी के बाद भारत आने पर सोनिया गांधी ने देश की सेवा की और गरीबों के बारे में भी गंभीरता से सोचा. उन्होंने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना का उदाहरण देते हुए कहा कि यह योजना पहले महाराष्ट्र तक सीमित थी, लेकिन बाद में देशभर में विस्तारित हुई. इस योजना का गरीबों पर बड़ा प्रभाव पड़ा और उन्हें रोजगार उपलब्ध कराने में मदद मिली.
सोनिया गांधी की किताब पर सियासी घमासानः कांग्रेस बोली- त्याग की कहानी, भाजपा का आरोप- पापों पर पर्दा
Related Posts
Add A Comment
News
- राजनीति
- सामाज / साहित्य
- युवा जिंदगी
- भारत
- नजरिया
About US
Important Links
- Privacy Policy
- Disclaimer
- Terms & Conditions
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from Fact Files
2025 Fact File, Site Developed & Designed by Midhaxa Innovations
- Home
- Contact Us
