भारत में बेरोजगारी दर सितंबर के 4 फीसदी से बढ़कर अक्टूबर में 4.7 फीसदी हो गई. यह बढ़ोतरी मुख्य रूप से ग्रामीण क्षेत्रों और महिलाओं में बेरोजगारी बढ़ने के कारण हुई है. सेंटर फॉर मॉनिटरिंग इंडियन इकोनॉमी (सीएमआईई) के आंकड़ों में यह जानकारी सामने आई है.
सीएमआईई के आंकड़ों से तैयार फाइनेंशियल एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, अक्टूबर में रोजगार पाने वाले लोगों की संख्या में करीब पांच लाख की कमी आई और यह घटकर 44.95 करोड़ रह गई. रिपोर्ट के मुताबिक, इस मौसम में रोजगार के आंकड़ों में गिरावट असामान्य नहीं है. लेकिन चिंता की बात यह है कि रोजगार दर (ईआर) पिछले कुछ महीनों से लगातार नीचे बनी हुई है. कोविड महामारी के दौरान आई गिरावट के बाद यह सबसे निचले स्तरों में पहुंच गई है.
सीएमआईई के कंज्यूमर पिरामिड्स घरेलू सर्वे के मुताबिक, रोजगार दर सितंबर में 39.4 फीसदी थी, जो अक्टूबर में घटकर 39.3 फीसदी रह गई. जनवरी 2020 में, यानी कोविड महामारी से पहले, यह 39.7 फीसदी थी.
काम की तलाश करने वालों की संख्या में भी धीमी बढ़ोतरी
देश में काम करने या नौकरी की तलाश करने वाले लोगों की कुल संख्या यानी श्रमबल में भी बढ़ोतरी की रफ्तार धीमी पड़ रही है. अक्टूबर में श्रमबल में करीब 30 लाख लोगों की बढ़ोतरी हुई. यह सामान्य रुझान के मुताबिक है.
हालांकि, पिछले तीन वर्षों के आंकड़ों से तुलना करें तो इस साल श्रमबल में बढ़ोतरी कम रही है. 2023 से 2025 के दौरान हर साल के पहले 10 महीनों में श्रमबल में 1.3 करोड़ से 1.7 करोड़ लोगों की बढ़ोतरी हुई थी. वहीं, 2026 के पहले 10 महीनों में यह बढ़ोतरी सिर्फ 90 लाख रही.
सीएमआईई के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी महेश व्यास ने कहा कि पिछले वर्षों के रुझान के मुताबिक, नवंबर में श्रमबल का आकार घट सकता है और दिसंबर में इसमें बड़ी बढ़ोतरी हो सकती है. हालांकि, इससे श्रमबल में बढ़ोतरी की धीमी पड़ती रफ्तार का मौजूदा रुझान बदलने की संभावना नहीं है.
महिलाओं और ग्रामीण क्षेत्रों में बेरोजगारी बढ़ी
सीएमआईई के आंकड़ों के मुताबिक, महिलाओं में बेरोजगारी दर सितंबर के 11.7 फीसदी से बढ़कर अक्टूबर में 12.7 फीसदी हो गई. सितंबर में यह सितंबर 2022 के बाद सबसे कम स्तर पर थी.
इसी तरह ग्रामीण क्षेत्रों में बेरोजगारी दर सितंबर के 3.4 फीसदी से बढ़कर अक्टूबर में 4.7 फीसदी हो गई.
सितंबर में नौकरी की तलाश कर रहे बेरोजगार लोगों की संख्या करीब 1.1 करोड़ घटकर 1.87 करोड़ रह गई थी. इससे संकेत मिलता है कि नौकरी नहीं मिलने के कारण कई लोगों ने काम की तलाश छोड़ दी होगी. हालांकि, अक्टूबर में यह संख्या थोड़ी बढ़कर 2.22 करोड़ हो गई. फिर भी यह पिछले साल अक्टूबर के 3.5 करोड़ के आंकड़े से काफी कम थी.
बैंक ऑफ बड़ौदा के मुख्य अर्थशास्त्री मदन सबनवीस ने कहा कि इस दौरान लोगों के खेती के काम में लगने के कारण बेरोजगारों की संख्या कम हुई हो सकती है. उन्होंने कहा कि यह फसल कटाई का समय है और इस दौरान ऐसा होना सामान्य है. ग्रामीण रोजगार योजना के तहत भी काम की मांग कम रही है.
