रांचीः झारखंड विधानसभा में विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है. मरांडी ने आरोप लगाया है कि राहुल गांधी छात्रों के मुद्दों को सुलझाने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिख रहे हैं, लेकिन यह पत्र पूरी तरह गुप्त तरीके से भेजा जा रहा है.
एक्स पर मरांडी ने कहा, “मीडिया के माध्यम से जानकारी मिल रही है कि राहुल गांधी जी ने छात्रों के मुद्दों को सुलझाने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखा है. लेकिन सवाल यह है कि ऐसी क्या मजबूरी है कि राहुल गांधी जी को गुप्त रूप से पत्र लिखना पड़ रहा है. पत्र में क्या लिखा है, यह कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष तक को नहीं पता और न ही पत्र इनके माध्यम से भेजा जा रहा है.”
झारखंड के छात्रों के साथ आंख-मिचोली क्यों
उन्होंने आगे कहा कि देशभर में राहुल गांधी छात्रों के मुद्दों पर मीडिया के सामने खुलकर बोलते हैं, फिर झारखंड के छात्रों के साथ यह आंख-मिचौली क्यों हो रही है? मरांडी ने जेपीएसी और JSSC-CGL परीक्षा में हुई कथित धांधली का जिक्र करते हुए कहा कि अब पूरा देश जान चुका है कि इस परीक्षा में सीटें कैसे बेची गईं. इस पूरे प्रकरण में मुख्यमंत्री, मुख्यमंत्री आवास, सीआईडी और अभय तिवारी समेत कई लोगों की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं.
उन्होंने एक गंभीर आरोप लगाते हुए पूछा, कहीं ऐसा तो नहीं कि 2200 पदों की परीक्षा में हुई कथित धांधली से जुटाए गए कथित हजारों करोड़ रुपये में राहुल गांधी जी की भी कोई हिस्सेदारी है? राहुल गांधी जी, झारखंड के मेधा घोटाले प्रकरण पर अपना पक्ष स्पष्ट कीजिए और झारखंड के छात्रों को जवाब दीजिए.
इधर प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने बाबूलाल के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें अनर्गल बयानबाजी करने की आदत है और यह बयान इस बात का जीता-जागता उदाहरण है.
