रांचीः झारखंड लोक सेवा आयोग और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की परीक्षाओं में गड़बड़ियों के खिलाफ 23 दिनों से आंदोलन कर रहे छात्रों ने लड़ाई को धार देने के लिए छात्रों ने एक साथ कई मोर्चे खोल दिए हैं. रविवार को चार और छात्र भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं.
पहले से छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो के अलावा कई छात्र लगातार अनशन कर रहे हैं. इनमें दो महिला अभ्यर्थी भी शामिल हैं. देवेंद्र महतो जेपीएससी-जेएसएसी न्याय मंच को लीड कर रहे हैं.
इसी मंच से जुड़े राजवल प्रसाद, उदय मेहता, राजीव कुमार कुशवा और उदय मंडल रविवार से अनशन पर बैठे हैं.
भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों का कहना है कि देवेंद्र दा को पुलिस ने आईसीयू में जबरदस्ती रखा है. शनिवार को वे तिंरगा यात्रा में शामिल होना चाहते थे, लेकिन उनके साथ पुलिस वालों ने धक्का-मुक्की की.
छात्रों ने कहा कि इसी के विरोध में वे भूख हड़ताल पर बैठे हैं.छात्रों ने कहा, “एक देवेंद्र महतो को डिटेन करके अगर सरकार यह सोचती है कि आंदोलन खत्म हो जाएगा, तो यह गलत सोच है. एक देवेंद्र महतो को अटेंड कर रखेंगे तो उनके जैसे सैकड़ों देवेंद्र महतो आपके सामने आकर खड़े होंगे.”
गौरतलब है कि देवेंद्र नाथ महतो दो अगस्त से भूख हड़ताल पर हैं.
23 दिनों से आंदोलन जारी
गौरतलब है कि रांची के जयपाल सिंह स्टेडियम में अभ्यर्थियों का प्रदर्शन 23वें दिन भी जारी है.
पारदर्शी नियुक्ति प्रक्रिया, परीक्षाओं को रद्द करने और सीबीआई जांच की मांग को लेकर छात्र अड़े हुए हैं. इन सबके बीच छात्रों ने 20 अगस्त को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास का घेराव करने का निर्णय लिया है.
सीएम आवास घेराव को जयराम का समर्थन
घेराव कार्यक्रम को लेकर जेएलकेएम के नेता और डुमरी से विधायक जयराम महतो ने अपना खुला समर्थन दिया है.
यराम महतो ने एक्स पर कहा कि 20 अगस्त को प्रस्तावित मुख्यमंत्री आवास घेराव कार्यक्रम को उनका पूर्ण समर्थन है. उन्होंने छात्र आंदोलन के समर्थन में लिखा, “हर जोर-जुल्म के टक्कर में, संघर्ष हमारा नारा है.”
