रांचीः झारखंड की राजधानी रांची के खोरहाटोली से 9 मई को गायब हुई 18 माह की मासूम अदिति पांडेय की सकुशल बरामदगी की मांग को लेकर बुधवार को सदर थाना के समक्ष झारखंड लोकतांत्रिक क्रातिकारी मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया.
पार्टी के वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो की अगुवाई में इस प्रदर्शन में बच्ची के माता-पिता और कई सामाजिक कार्यकर्ता, छात्र-छात्रा भी शामिल हुए.
इस दौरान पार्टी ने सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार को एसएसपी राकेश रंजन के नाम एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें गायब बच्ची की सकुशल और शीघ्र बरामदगी की मांग की गई है.
देवेन्द्र नाथ महतो ने कहा है कि पिछले 12 दिनों से एक 18 माह की मासूम बच्ची का लापता रहना अत्यंत गंभीर विषय है. यह केवल एक परिवार का दर्द नहीं, बल्कि पूरे समाज और कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल है.
