कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के दस अक्टूबर को होने व ले प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली आने-जाने वाली कई ट्रेनों को रद्द करने और 57 मेट्रो स्टेशनों को बंद किए जाने के सरकार के फ़ैसले पर सुप्रीम कोर्ट ने चिंता जाहिर करते हुए सरकार को निर्देश दिए हैं.
इसके साथ ही कोर्ट ने टिप्पणी की- आप सब कुछ बंद नहीं कर सकते.
चीफ़ जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी मोहना की बेंच ने मेट्रो स्टेशनों के बंद करने पर भी कहा कि सेवाएं रेग्यूलेट की जाएं ताकि लोगों को असुविधा न हो.
लाइव लॉ के मुताबिक़ सुप्रीम कोर्ट ने वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल की याचिका पर कहा, “सरकार यह सुनिश्चित करे कि ट्रेन सेवाएं पूरी तरह से बंद न की जाएं.”
कपिल सिब्बल ने सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका में कहा, “सभी ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं, मेट्रो स्टेशन बंद, आप कहीं जा नहीं सकते. यह देश में क्या हो रहा है. यह एक शांतिपूर्ण प्रदर्शन है.”
मक्खी मारने के लिए हथौड़े का इस्तेमाल
सीजेआई (चीफ़ जस्टिस ऑफ़ इंडिया) सूर्यकांत ने कहा, “हर नागरिक के लिए हम जिस बेहद अहम सिद्धांत का पालन करते हैं, वह है आनुपातिकता का सिद्धांत.”
उन्होंने कहा, “आपको कुछ चीज़ों को रोकना है, तो उसके लिए उतने ही उपाय करने चाहिए, जितने ज़रूरी हों. लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि मक्खी मारने के लिए हथौड़े का इस्तेमाल करें. इस सिद्धांत को हमेशा ध्यान में रखना चाहिए.”
कोर्ट ने केंद्र से कहा, ‘युवा और बुज़ुर्ग सभी यात्रा करते हैं. यात्रियों को बुनियादी सुविधाएं पाने का अधिकार है.’
कोर्ट ने कहा कि बंद मेट्रो स्टेशनों की संख्या कम की जानी चाहिए. कोर्ट ने यह भी कहा कि ‘पाबंदी लगाने और पूरी तरह बंद करने में फर्क होता है.’
इससे पहले रेलवे ने शनिवार को कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन से पहले दिल्ली आने वाली कई ट्रेनें रद्द कर दी हैं. रेलवे ने दलील दी है कि 10 अक्तूबर को दिल्ली और हज़रत निज़ामुद्दीन रेलवे स्टेशन के आसपास के इलाक़ों में ट्रैफ़िक काफ़ी ज़्यादा प्रभावित रह सकता है, इसलिए ट्रेनें रद्द की गई हैं.
गौरतलब है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने दिल्ली के जंतर मंतर पर 10 अक्तूबर से आंदोलन की घोषणा की है.
सीजेपी की तल्ख प्रतिक्रिया
सरकार के इस फ़ैसले पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने भी तल्ख प्रतिक्रिया व्यक्त की है.
एक इंस्टाग्राम वीडियो में अभिजीत दीपके ने कहा, “हमारे विश्व गुरु, 56 इंच के सीने वाले महामानव ने ट्रेनें बंद कर दीं, क्योंकि हम प्रोटेस्ट करने जा रहे हैं.”
उसी वीडियो में सीजेपी के ही आशुतोष रांका कह रहे हैं, “जब सारे दक्षिणपंथी कहे जा रहे हैं कि हमारे आंदोलन में भीड़ ही नहीं है तो सरकार घबरा क्यों रही है. रेल क्यों बंद कर रही है.”
सीजेपी के सह-समन्वयक सौरभ दास ने एक्स पर लिखा है, ”शासक इतना डरा हुआ है कि उसने कल दिल्ली आने वाली ट्रेनें ही रद्द कर दी हैं! लेकिन वे ऐसा आख़िर कितने दिनों तक कर सकते हैं?
